Hasanpur News: हसनपुर थाना क्षेत्र के गौहा चौक स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराई गई महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. महिला की हालत बिगड़ने पर अस्पताल से बेगूसराय रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिजनों के रोने-बिलखने से अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल बन गया.
ऑपरेशन के बाद बिगड़ी प्रसूता की हालत
मृतका की पहचान सुरहा पंचायत के गरही बिशनपुर गांव निवासी सुबोध यादव की पत्नी संजू देवी के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि प्रसव के लिए उन्हें गौहा चौक स्थित आदित्य हॉस्पिटल लाया गया, जहां ऑपरेशन के माध्यम से एक बच्ची का जन्म हुआ.
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें बेगूसराय रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
निजी अस्पतालों की जांच की उठी मांग
घटना के बाद महिला का शव अस्पताल में रखे जाने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों ने कहा कि क्षेत्र में संचालित निजी नर्सिंग होमों की नियमित जांच होनी चाहिए.
उनका कहना है कि बिना पर्याप्त संसाधनों और आवश्यक योग्यता के कई निजी अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की.
