Samastipur Crime News: समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखनौलिया गांव में बच्चों के आपसी विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट के दौरान एक 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान भिखनौलिया निवासी स्वर्गीय लक्ष्मी मुखिया की पत्नी उर्मिला देवी के रूप में की गई है. सरेआम हुई इस वारदात के बाद से गांव में गहरा तनाव व्याप्त है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
Samastipur News: गुरुवार शाम बच्चों में हुआ था मामूली झगड़ा
घटना की पृष्ठभूमि गुरुवार शाम से जुड़ी है. 10 सितंबर की शाम दोनों पड़ोसियों के बच्चों के बीच खेल-कूद के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई थी. उस वक्त आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया था. लेकिन बच्चों की यह तकरार अंदर ही अंदर सुलगती रही और अगले दिन इसने दोनों परिवारों के बड़ों के बीच खूनी रंजिश का रूप धारण कर लिया.
शुक्रवार को आमने-सामने आए दोनों पक्ष, लाठी-डंडे चले
शुक्रवार की सुबह उर्मिला देवी के परिवार और पड़ोसी जीवछ मुखिया के परिवार के बीच फिर से तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद शांत कराने और बचाव करने पहुंची बुजुर्ग उर्मिला देवी पर विरोधियों ने ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं और मौके पर ही दम तोड़ दिया.
थानाध्यक्ष और प्रभारी डीएसपी ने की घटनास्थल की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही बिथान थानाध्यक्ष राज किशोर राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी डीएसपी अभिषेक चौबे भी घटनास्थल पर पहुंचे. दोनों पुलिस अधिकारियों ने बारीकी से घटनास्थल का मुआयना किया, साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों व परिजनों से अलग-अलग पूछताछ कर बयान दर्ज किए.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष राज किशोर राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है. मारपीट और हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार कैंप कर रहा है.
यह भी पढ़ें... गारमेंट्स फैक्ट्री पहुंचे विकास आयुक्त और डीएम, उत्पादन व्यवस्था का लिया जायजा
