बिथान में नए विद्यालय भवन की शुरुआत, केंद्रीय मंत्री ने किया भूमि पूजन और शिलान्यास

केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने बिथान स्थित आशा गोयल सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर के नए परिसर का भूमि पूजन और शिलान्यास किया. उन्होंने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताया और संस्कारयुक्त शिक्षा पर जोर दिया.

Saraswati Shishu Mandir Bithan: प्रखंड के कुआ रोड स्थित आशा गोयल सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर के नए परिसर का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह शनिवार को आयोजित किया गया. केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर विद्यालय भवन की आधारशिला रखी.

शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है. उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर जैसी संस्थाएं भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति से युक्त नई पीढ़ी तैयार कर रही हैं.

उन्होंने विश्वास जताया कि नया विद्यालय भवन क्षेत्र के बच्चों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव बनेगा.

संस्कारयुक्त शिक्षा पर दिया जोर

बिहार-झारखंड के संगठन मंत्री ख्याली राम ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर शिक्षा के साथ संस्कार देने वाली संस्था है. यहां से निकलने वाले विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के आदर्श नागरिक बनते हैं. उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से शिक्षा का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और भारतीय संस्कृति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. बच्चों के कार्यक्रमों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा और पूरा परिसर देर तक तालियों की गूंज से गूंजता रहा.

भूमिदान करने वाले समाजसेवी का हुआ सम्मान

विद्यालय के लिए निःशुल्क भूमि दान करने वाले राधेश्याम टेबड़ीवाल को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया. अतिथियों ने उनके योगदान को शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में प्रेरणादायी बताया.

बड़ी संख्या में मौजूद रहे अतिथि

समारोह में बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश वर्मा, विद्यालय के संरक्षक राधेश्याम टेबड़ीवाल, अध्यक्ष अरविंद महतो, सुंदरी देवी सैनिक स्कूल, बटहा के अध्यक्ष बिनोद कुमार, प्रधानाध्यापक रामचंद्र मंडल, विभाग निरीक्षक बिनोद कुमार, प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार, समाजसेवी इंदु गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ankur kumar

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >