Har Ghar Tiranga Rally: हर घर तिरंगा अभियान के तहत रविवार को समस्तीपुर में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत साइकिल रैली निकाली गयी. समाहरणालय परिसर से निकली रैली को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. रैली में जिला प्रशासन के पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक सहित अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
तिरंगा राष्ट्रीय एकता और गौरव का प्रतीक
रैली को रवाना करते हुए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है. तिरंगा राष्ट्रीय एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है.
उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से यह अभियान जन-जन का अभियान बनेगा.
तिरंगे के साथ साइकिल पर निकले प्रतिभागी
समाहरणालय परिसर से शुरू हुई साइकिल रैली में प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए. रैली के दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना रहा. प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, देश की अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया.
हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय गौरव के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना है. जिला प्रशासन की ओर से अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जोड़ने और अधिक से अधिक घरों तक तिरंगा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, सदर एसडीओ राकेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अली एक राम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
