Khudneshwar Dham: सावन की पहली सोमवारी और नाग पंचमी के संयोग पर ऐतिहासिक खुदनेश्वर धाम में सोमवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. अहले सुबह से ही शिवभक्त कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते रहे. पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से भक्तिमय माहौल बना रहा.
पांच थानों की पुलिस रही तैनात
मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष इंद्रदेव शर्मा ने बताया कि पहली सोमवारी पर शांतिपूर्ण जलाभिषेक के लिए पांच थानों की पुलिस की तैनाती की गई थी. ताजपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में बंगरा, मुसरीघरारी समेत अन्य थानों की पुलिस मेले की सुरक्षा व्यवस्था में जुटी रही. गर्भगृह के भीतर महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी. पुलिस की सतर्कता के कारण पूरे आयोजन के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.
मेले में रही भारी भीड़, बाजारों में लगा जाम
श्रद्धालुओं की भारी संख्या के कारण मोरवा बाजार से मोरवा हाट तक जाम की स्थिति बनी रही. मेला परिसर दिनभर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा. दुकानों पर भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली, जिससे कारोबारियों में उत्साह रहा. कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे मेले की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई.
श्रृंगार पूजा में महिलाओं का उत्साह
रात्रि में आयोजित विशेष श्रृंगार पूजा को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया. दूधिया रोशनी से सजे शिव मंदिर का नजारा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा. आयोजन को सफल बनाने में सुशील कुमार वर्मा, विभूति नाथ झा, श्याम बाबू मिश्रा, संजय झा, गौरव कुमार शर्मा, गंगा प्रसाद मिश्र समेत कई लोगों की सक्रिय भूमिका रही.
शिवगंगा की बदहाल स्थिति पर उठे सवाल
श्रद्धालुओं ने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना की, लेकिन शिवगंगा की बदहाल स्थिति पर चिंता भी जताई. लोगों का कहना था कि शिवगंगा के संरक्षण और विकास के बिना मंदिर परिसर की व्यवस्था अधूरी प्रतीत होती है. उन्होंने इस दिशा में ठोस पहल की मांग की.
यह भी पढ़ें: धर्म परिवर्तन और प्रेम विवाह के विवाद में हमला, रंगदारी व मारपीट की प्राथमिकी दर्ज
