Samastipur News: उजियारपुर में माकपा लोकल कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को नौ सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड मुख्यालय पर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं ने जन समस्याओं और सरकार की नीतियों के विरोध में उपेन्द्र राय के नेतृत्व में मार्च निकाला. इस दौरान सरकार विरोधी नारे लगाए गए और विभिन्न जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया.
होल्डिंग टैक्स और टोल टैक्स का किया विरोध
प्रदर्शनकारियों ने प्रतिवर्ष लगाए जाने वाले ₹1200 होल्डिंग टैक्स, स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स, पानी और सफाई के नाम पर टैक्स वसूली का विरोध किया. साथ ही खाद्य सुरक्षा योजना से लोगों का नाम हटाने और नल-जल योजना की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताई.
प्रखंड मुख्यालय पर हुई सभा
प्रदर्शन के बाद प्रखंड मुख्यालय के समक्ष सुरेन्द्र प्रसाद सिन्हा की अध्यक्षता में सभा आयोजित की गई. सभा को उपेन्द्र राय, शांति सिंह, रामविलास सहनी, जगदीश महतो, कुंवर प्रसाद सहनी, उपेन्द्र दास, संगीता देवी, अशोक पुष्पम, उमेश मल्लिक, रामप्रवेश चौरसिया और संजीव सुमन समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया.
जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रखने का ऐलान
वक्ताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार संवेदनशील नहीं है. यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि आम लोगों के अधिकारों और सुविधाओं के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन और सभा में रामनारायण भगत, छोटे लाल पासवान, रामविनोद शर्मा, नरेश कुमार, विनोद कुमार, रामप्रीत सहनी, कपिल मल्लिक, सुन्दरेश्वर राय, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर जंक्शन के फुट ओवरब्रिज पर गिरा व्यक्ति, बेहोशी की हालत में सदर अस्पताल भेजा गया
