Samastipur News: हलई थाना क्षेत्र के कौवा चौक पर एक लाख रुपये की कथित लूट मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है. पुलिस बैंक शाखा से लेकर घटनास्थल तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. अधिकारियों का दावा है कि मामले में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.
कई बिंदुओं पर चल रही जांच
पुलिस के अनुसार, आरोपितों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. जांच में यह भी सामने आया है कि घटना को अंजाम देने से पहले पीड़ित की रेकी की गई थी.
जिस तरीके और योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया गया, उससे आशंका जताई जा रही है कि घटना में पीड़ित की गतिविधियों की पहले से जानकारी रखने वाले लोग शामिल हो सकते हैं.
बैंक से निकासी के बाद हुई थी वारदात
बताया जाता है कि बुधवार को धर्मपुर बांदे निवासी सुरेंद्र सिंह ने बैंक ऑफ इंडिया की कौवा शाखा से एक लाख रुपये निकाले थे. इसके बाद वह बाजार में सामान की खरीदारी कर रहे थे. इसी दौरान बदमाश रुपये से भरा पॉलीथिन लेकर फरार हो गए.
जल्द होगा मामले का उद्भेदन
थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि मामले को काफी हद तक सुलझा लिया गया है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.
