समस्तीपुर : जिले के पूसा प्रखंड के मोरसंड स्थित किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थापित एक बीपीएससी शिक्षिका की शनिवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिला के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बिसटारा निवासी हिमांशु यादव की पत्नी 36 वर्षीय रेखा यादव के रुप में बतायी गयी है. सदर अस्पताल में मृतका के पति हिमांशु यादव ने बताया कि उनकी पत्नी रेखा समस्तीपुर के किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थापित मोरसंड पूसा में संस्कृत की शिक्षिका थी. पिछले साल बीपीएससी टीआरई टू में 10 फरवरी को रेखा का विभागीय स्तर पर किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थापन किया गया था. नगर थाना क्षेत्र के पंजाबी कालोनी मुहल्ला स्थित गली नंबर तीन स्थित एक किराये के मकान में रेखा और उसके पति हिमांशु साथ रहते थे. हिमांशु ने बताया कि हर दिन के तरह शनिवार सुबह करीब छह बजे रेखा नींद से जागी और पानी पीकर बाथरूम चली गई. थोड़ी देर बाद बाथरूम के अंदर आवाज हुई. जाकर देखा, तो रेखा बाथरूम के अंदर जमीन पर गिरकर अचेत हो गई थी.
शोर मचाकर मकान मालिक और आसपास के लोगों को बुलाया
शोर मचाकर मकान मालिक और आसपास के लोगों को बुलाया. स्थानीय लोगों की मदद से आनन- फानन में उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचा. जहां चिकित्सकाें ने स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी रेखा को पहले से कोई बीमारी नहीं थी. वह बिल्कुल स्वस्थ थी. हाल ही में रेखा ने बीपीएससी टीआर थ्री में परीक्षा उत्तीर्ण कर लिया था. उसका गोपालगंज में काउंसेलिंग निर्धारित थी. घटना के बाद परिजनों का रो- रो कर बुरा है. इधर, शिक्षिका की मौत से सरकारी विद्यालय के शिक्षक- शिक्षिकाओं में शोक की लहर है. घटना के बाद विद्यालय के सहकर्मियों ने मृतक के परिजनों से मिलकर ढाढ़स दिया. सदर अस्पताल में मृत्योपरांत परिजन एबुलेंस से शव लेकर उत्तर प्रदेश रवाना हो गये.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
