Bihar Weather Update: उत्तर बिहार के जिलों में रहने वाले लोगों को आने वाले दिनों में उमस भरी गर्मी के साथ-साथ मौसम के बदलते मिजाज का सामना करना पड़ेगा. डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा संयुक्त रूप से 26 से 30 जून 2026 तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है. इसके अनुसार, इस पांच दिवसीय अवधि में मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने वाला है.
27 से 29 जून के बीच बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस अवधि में वैसे तो आमतौर पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 27 से 29 जून के दौरान मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है. इन तीन दिनों में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन (बिजली चमकने) के साथ-साथ तेज झोंकेदार हवाएं चलने की प्रबल संभावना है.इसके प्रभाव से उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा भी हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और किसानों को राहत मिल सकती है.
पांच जिलों में 40 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, बढ़ेगी तपन
मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए विशेष रूप से सतर्क रहने की चेतावनी दी है. हालांकि इस दौरान औसत अधिकतम तापमान 32°C से 36°C के बीच रहने का अनुमान है, लेकिन सिवान, गोपालगंज, बेगूसराय, पूर्वी चम्पारण तथा पश्चिमी चम्पारण में अधिकतम तापमान 39°C से 40°C तक पहुंच सकता है, जिससे दोपहर के समय भीषण तपन का अहसास होगा. वहीं, न्यूनतम तापमान 24°C से 28°C के बीच रहने की उम्मीद है, जिससे रातें भी थोड़ी गर्म और बेचैन करने वाली हो सकती हैं.
पुरवा हवा की रफ्तार और उमस का असर
पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में पुरवा हवा का प्रभाव बना रहेगा. हवा मुख्य रूप से पूर्वी दिशा से 14 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी. सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 80 से 85 प्रतिशत रहेगी, जिससे सुबह काफी उमस महसूस होगी. वहीं दोपहर के समय सापेक्षिक आर्द्रता घटकर 30 से 35 प्रतिशत पर आ जाएगी, जिससे दोपहर में शुष्कता बढ़ेगी.
समस्तीपुर से गिरिजा नन्दन शर्मा की रिपोर्ट
