Samastipur News: स्थानीय बाजार में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क चौड़ीकरण के उद्देश्य से प्रशासन ने गुरुवार को व्यापक अतिक्रमणरोधी अभियान चलाया. पेट्रोल पंप से गांधी चौक तक सड़क के पूर्वी किनारे किए गए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीन से हटाया गया. इस दौरान अस्थायी दुकानों, शेड और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया.
सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. कार्रवाई में बीडीओ मनोज कुमार, सीओ पुष्पलता कुमारी, थानाध्यक्ष सुनील कांत, कृषि पदाधिकारी सन्नी कुमार, राजस्व कर्मचारी दीपक कुमार और अमीन मनोज रजक शामिल रहे.
पुलिस बल का नेतृत्व थानाध्यक्ष सुनील कांत ने किया. उनके साथ एएसआई धर्मेंद्र कुमार, सुनील भारती, सिकंदर कुमार तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान भी तैनात रहे.
दोबारा अतिक्रमण पर होगी कानूनी कार्रवाई
अभियान के दौरान प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि दोबारा सरकारी जमीन या सड़क पर कब्जा करने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
लोगों ने स्थायी समाधान की उठाई मांग
प्रशासन की कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया. हालांकि स्थानीय बुद्धिजीवियों ने इसे अस्थायी कार्रवाई बताते हुए कहा कि केवल दुकानों के सामने लगे शेड और झोपड़ीनुमा ढांचों को हटाकर औपचारिकता पूरी की गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में जाम की समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब स्थायी अतिक्रमणों को भी हटाया जाए.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में क्यूआरटी जवानों को टीयर गैस फायर का विशेष प्रशिक्षण
