Kalyanpur News: चकमेहसी थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोस के एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि वह अपनी पुत्री के साथ घर में सो रही थी. इसी दौरान पड़ोस का एक युवक कथित रूप से किशोरी को बहला-फुसलाकर घर से बाहर ले गया और गांव के समीप एक सुनसान स्थान पर उसके साथ दुष्कर्म किया.
घटना के बाद परिजनों के सहयोग से पीड़िता की मां ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई.
मेडिकल जांच कराई गई
थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहनी ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच महिला एसआई लक्ष्मी गुप्ता को सौंपी गई है.
उन्होंने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है. मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा.
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों के आधार पर अनुसंधान किया जा रहा है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
