समस्तीपुर : वर्ष 2016 लोगों को साफ व स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में सफल साबित हो सकता है. नगर परिषद् ने शहरी इलाकों में पेयजल आपूर्ति के लिये गंडक के किनारे ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने जा रहा है. मोक्षधाम के पास इस प्लांट की स्थापना की जा रही है. इसपर नगर परिषद् को 80-90 करोड़ की राशि खर्च आयेगी. साफ व स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिये गंडक के पानी का उपयोग किया जायेगा. इसे ट्रीटमेंट प्लांट में शुद्ध कर पीने योग्य बनाया जायेगा.
पेयजल आर्पूति इतनी ताकतवार होगी कि इससे चार मंजिला भवनों में भी पानी की आपूर्ति हो सकेगी. पूरे शहरी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिये पांच जलमीनार बनाये जायेंगे. इस बाबत जानकारी देते हुये नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी देवेंद्र सुमन ने बताया कि शहरी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिये पाइपलाइनों का जाल बिछा दिया जायेगा. जिससे हर घर में पानी उपलब्ध हो सके.
