Samastipur News: विभूतिपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है. यहाँ एक विवाहिता ने अपने ही पति पर अपनी सगी मौसी के साथ प्रेम संबंध होने का सनसनीखेज आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि उसका पति अपनी मौसी के प्यार में इस कदर अंधा हो चुका है कि वह अब अपनी पत्नी को छोड़ना चाहता है.
विरोध करने पर बेरहमी,गर्भ में पल रहे बच्चे की हत्या
पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि जब उसने पति और मौसी के अवैध संबंधों का विरोध किया, तो उसे नरक जैसी प्रताड़ना दी गई. आरोप है कि पति ने उसे बेरहमी से पीटा और घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं, महिला ने अपने सास-ससुर पर भी रूह कंपा देने वाला आरोप लगाया है. महिला के अनुसार, उसे जबरन नशीली दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया गया ताकि वह पूरी तरह बेसहारा हो जाए.
पुलिस की भूमिका पर सवाल: ‘इतिश्री’ कर पल्ला झाड़ा
पीड़िता न्याय के लिए दर-दर भटक रही है, लेकिन पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया था, लेकिन स्थानीय रसूखदारों की ‘पंचायती’ के नाम पर उसे छोड़ दिया गया. अब पुलिस ने महिला को ‘महिला थाना’ जाने की सलाह देकर अपना पल्ला झाड़ लिया है. फिलहाल, यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं.
