Samastipur News: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत समस्तीपुर-रोसड़ा मार्ग पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जितवारपुर चौथ स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
बारात से वापसी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक मिथुन कुमार और कन्हाई कुमार, घायल राकेश कुमार के साथ कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव के रहने वाले थे. ये तीनों शनिवार को उजियारपुर के पतैली गांव में अपने एक दोस्त की बारात में शामिल होने गए थे. रविवार देर रात शादी संपन्न होने के बाद सोमवार सुबह तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही बस काल बनकर आई.
आक्रोशित लोगों ने बस में की तोड़फोड़
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे बारात के अन्य साथियों और स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने मिथुन और कन्हाई को मृत घोषित कर दिया, जबकि राकेश का इलाज जारी है. घटना से गुस्साए लोगों ने बस के शीशे तोड़ दिए और जमकर हंगामा किया. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. इस घटना के बाद से अकबरपुर गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
समस्तीपुर से अंकुर की रिपोर्ट
