समस्तीपुर : आवेदन देने के बाद आवेदक के प्रमाण पत्र बनने के बाद इसकी जानकारी उसे एसएमएस के माध्यम से जरूर दें. जिससे वह सही समय पर प्रमाण पत्र लेने कार्यालय पहुंच सके. उक्त बातें जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने रविवार को आरटीपीएस सेवा को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक करते हुये कई निर्देश दिया.
डीएम ने लोगों से आवासीय, जाति, भू प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र समेत अन्य सभी प्रमाण पत्र जो आरटीपीएस काउंटर के माध्यम से बनाया जाता है, उसे बनाने के लिए आवश्यक दस्तावेज ही लेने का निर्देश दिया.
तत्काल सेवा के आवेदकों को 48 घंटे के अंदर प्रमाण पत्र मुहैया कराने का भी निर्देश डीएम ने दिये. वहीं प्रमाण पत्र बनाने में पारदर्शिता बरतने के लिये सभी आरटीपीएस काउंटरों पर कैमरा लगाने का भी निर्देश दिये गये. जिससे वहां पर निगरानी रखी जा सके. संविदा पर बहाल कर्मियों को उन्होंने कहा कि लोगों को असानी से सेवा प्राप्त हो सके यह हमारी प्राथमिकता है. मौके पर आइटी मैनेजर नूतन कुमारी सहित संबंधित पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे.
