समस्तीपुर : दहेज लोलूप परिवार ने महज 50 हजार रुपये के चलते एक बेटी की जान ले ली है. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गनोहर नवादा गांव की है, जहां सोमवार की रात दहेज में 50 हजार रुपये नहीं मिलने से नाखुश ससुराल वालों ने अपनी विकलांग बहू की जहर पिलाकर हत्या कर दी.
मृत विवाहिता की पहचान मो. शमद उर्फ छोटे की पत्नी शबराना खातून के रूप में की गयी है. उसके भाई मो. आरिफ ने लिखित आवेदन देकर मृतका के ससुर मो. इस्लाम, सास नसिमा खातुन, पति मो. छोटे, जेठ मो. असलम के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें दहेज नहीं देने पर जहर देकर हत्या कर दिये जाने की बात कही गयी है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेश कुमार के आदेश पर एसआइ मनोज कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, साथ ही आरोपित ससुर एवं पति को गिरफ्तार कर लिया है.
