Subroto Mukherjee Cup: खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता (बालिका अंडर-17)-2026 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता का आयोजन शहर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर के खेल मैदान में किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा) राजेश कुमार सिंह, एडीओ दिलीप कुमार, एनडीसी रजनीश कुमार राय और जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल पर पहली किक लगाकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की.
खिलाड़ियों को दिया अनुशासन और खेल भावना का संदेश
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी साधन है. उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की.
उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी क्षमता दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं.
14 जिलों की टीमें ले रही हैं हिस्सा
जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में समस्तीपुर, सिवान, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, कटिहार, खगड़िया, सारण, वैशाली, भागलपुर, दरभंगा, पूर्णिया, जमुई, बेगूसराय और पश्चिम चंपारण की बालिका टीमें हिस्सा ले रही हैं.
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी खेल एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं.
उद्घाटन मैच में मुंगेर ने दर्ज की जीत
पहले मुकाबले में मुंगेर ने रोमांचक खेल दिखाते हुए मुजफ्फरपुर को 2-1 से हराकर अगले दौर में जगह बना ली.
मैच के 17वें मिनट में मुजफ्फरपुर की सोनी कुमारी ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई. इसके बाद मुंगेर की वर्षा कुमारी (जर्सी नंबर-10) ने 22वें मिनट में बराबरी का गोल किया.
दूसरे हाफ के 40वें मिनट में वर्षा कुमारी ने अपना दूसरा गोल दागकर मुंगेर को 2-1 की बढ़त दिलाई, जो मैच समाप्त होने तक कायम रही.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे खिलाड़ी और खेल प्रेमी
कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी सौरभ कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, एडीएमओ अनुष्का श्रीवास्तव, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे.
कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक अनंत कुमार राय ने किया.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
