समस्तीपुर : मंडल के कई स्टेशनों पर इन दिनों नियमों को ताक रखकर आम आदमी खुलेआम पूछताछ काउंटर को चला रहे है. अधिकारियों के द्वारा कई बार ऐसे लोगों को पकड़ा तो जाता है लेकिन बाद में एक दूसरे को बचाने की खातिर मामले को रफा -दफा कर दिया जाता है. रविवार को भी इसी तरह का एक मामला संज्ञान में आया. जब पूछताछ काउंटर पर बैठे युवक ने यात्रियों को ट्रेन में संबंध में गलत जानकारी दी.
इसके बाद उक्त युवक और यात्रियों के बीच नोक-झोंक होने लगी. इसकी सूचना पर पहुंचे डीसीआई दिलीप कुमार ने पूछताछ कांउटर से दबोच लिया. जब उससे पूछताछ की गयी तो युवक बताया कि वह किसी कर्मी के बदले काम कर रहा था. जब यात्रियों को इसकी जानकारी हुई तो यात्रियों ने युवक की जमकर पिटाई कर डाली.
इसी अफरातफरी में युवक जान बचाकर वहां से भाग निकला. इस सबंध में पूछे जाने डीआरएम सुधांशु शर्मा ने बताया कि कि मामला संज्ञान में आया है इसकी जांच का आदेश सीनियर डीसीएम बीएनपी वर्मा को दिया गया है. जांच रिर्पोट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि किसी भी कीमत आमलोगों को रेलवे के उपकरण चलाने का अधिकार नही है.
इससे पूर्व भी सुमित कुमार सिंह नामक एक युवक को सीनियर डीसीएम श्री वर्मा ने औचक निरीक्षण में पूछताछ कांउटर चलाते हुये पकड़ा था. जिस पर प्राथमिकी भी हुई. लेकिन वह जिस के कर्मी के बदले काम कर रहा था उसे छोड़ दिया गया. जबकि नियमत: उक्त कर्मी पर भी प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए. जानकारों का बताना है कि कार्रवाई नहीं होने के कारण ही कर्मियों का मनोबल बढता है और वे अपनी जगह कुछ रुपये देकर किसी को बैठा देते है.
