समस्तीपुर : दक्षिण भारत में बने लो प्रेसर ने मौसम का मिजाज बिगाड़ कर रख दिया है. उत्तर प्रदेश तेज हवा व अच्छी बारिश के बाद झारखंड के कई हिस्से भी प्रभावित हुए. लेकिन जैसे ही यह बिहार की सीमा के निकट पहुंचा प्रभावहीन हो गया.
राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, पूसा स्थित कृषि मौसम परामर्शी सेवा केंद्र के नोडल पदाधिकारी डा ए सत्तार के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक सूबे बिहार में छा रहे बादल लो प्रेसर के कारण ही आसमान में तैर रहे हैं. स्थानीय वातावरण के कारण कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई है. लेकिन यह इतना कम हुआ कि इसका ज्यादा असर मौसम के मिजाज पर तत्काल नहीं दिख रहा है.
ठंड में इजाफा नहीं हो रहा है. इसके उलट बादलों के छाये रहने के कारण रात के तापमान में थोड़ी वृद्धि हो जा रही है. वैसे उत्तर बिहार में कुछ स्थानों पर हवा का रुख पछुआ हो गया है इसके कारण ठंड में धीरे धीरे वृद्धि होगी. मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक धीरे धीरे आसमान साफ हो जायेगा. इसके बाद फिर से कुहासे का दौर आरंभ होगा. हालांकि इसमें थोड़ा वक्त लग सकता है.
