समस्तीपुर/ताजपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली और भाजपा शासित राज्यों में बिहार से अधिक अपराध होता है. यह मैं नहीं, भारत सरकार के अपराध अन्वेषण ब्यूरो द्वारा जारी आंकड़े बोलते हैं.
सबको बिहार में जंगलराज दिखाई देता है. उन्होंने कहा कि बिहार में जंगलराज की बात करने वाले नेता बतायें कि दिल्ली, मध्यप्रदेश, हरियाणा में तो बिहार से अधिक अपराध होते हैं, तो वहां क्या मंगलराज चल रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा के पास तो अभी उसका नेता ही फाइनल नहीं है कि अािखर चुनाव बाद उनका मुख्यमंत्री कौन होगा. वह शुक्रवार को उच्च विद्यालय ताजपुर के प्रांगण में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे.
सीएम ने कहा कि अब अगर कोई जंगलराज की बात करें, तो उसे समझा कर रास्ता पकड़ा दीजियेगा. नीतीश ने कहा कि भाजपा परिवर्तन लाने की बात कहती है. आखिर किस क्षेत्र में परिवर्तन आयेगा. उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि हमने लड़कियों को साइकिल देकर स्कूलों तक भेजा.
क्या भाजपा उसे वापस घर में बंद कर देगी. हमारी सरकार ने 60 हजार से ज्यादा पुल पुलियों का निर्माण कराया, क्या उसे डायनामाइट लगाकर उड़ा देगी. आखिर क्या परिवर्तन होगा. बिहार को बिहारी ही चला सकता है. बाहरी की हमें जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि समस्तीपुर समाजवादियों की धरती रही है. मैंने अपने चुनाव अभियान की शुरुआत यहीं से की है. इसका लाज रखियेगा.
सीएम ने कहा कि अगर फिर से मौका मिला, तो राज्य के प्रत्येक अनुमंडल में तकनीकी शिक्षण संस्थानों का जाल बिछा दिया जायेगा. वही बारहवीं के बाद आगे की पढ़ाई के लिये छात्र छात्राओं को 4 लाख रुपये का क्रेडिट कार्ड दिया जायेगा.
सभा को राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर, जदयू जिलाध्यक्ष अश्वमेघ देवी, समस्तीपुर से राजद प्रत्याशी अख्तरुल इस्लाम शाहीन, मोरवा से जदयू प्रत्याशी विद्यासागर निषाद समेत कई नेताओं ने संबोधित किया. सभा की अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष लाल बहादूर पंडित ने की. जबकि संचालन जदयू प्रखंड अध्यक्ष मुनेश्वर साह ने किया.
