डीटी मीटर से जुड़े ट्रांसफॉर्मर बिजली चोरी पर लगेगी लगाम
समस्तीपुर : नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड से जुड़े समस्तीपुर विद्युत आपूर्ति अंचल क्षेत्र में बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए नयी पहल शुरू कर दी गयी है.
प्रथम चरण में समस्तीपुर शहरी क्षेत्र के विभिन्न फीडरों से जुड़े 200, 100 व 63 केवीए ट्रांसफॉर्मरों पर डीटी मीटर लगाने का कार्य अंतिम चरण में है. ट्रांसफॉर्मरों के डीपी पर लगाये गये इन मीटरों का पठन कनीय अभियंता करेंगे.
साथ ही सहायक विद्युत अभियंता विद्युत उपभोक्ताओं के घरों में लगे मीटर पठन की समीक्षा करने के उपरांत बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं की पहचान करेंगे. कंपनी ने इन उपभोक्ताओं को पकड़ने व मीटर के साथ हो रहे छेड़छाड़ पर अंकुश लगाने के लिए छापेमारी दस्ता का भी गठन किया है.
इस संबंध में सहायक विद्युत अभियंता शहरी मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि शहरी क्षेत्र में टाउन वन व टाउन थ्री में 62 व टाउन टू फीडर में 74 पावर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर लगाये गये हैं. 82 फीसदी ट्रांसफॉर्मरों पर डीटी मीटर लगाया जा चुका है.
जहां मीटर लग चुके हैं, वहां जुलाई माह में मीटर पठन लेने की जिम्मेवारी जेइ को दी गयी है. बताते चलें कि शहरी क्षेत्र में कंपनी के द्वारा की जा रही विद्युत आपूर्ति के विरुद्ध 8 फीसदी बिजली की चोरी टोका फंसाकर, मीटर के साथ छेड़छाड़ कर किया जा रहा है.
