रेलवे बुकिंग क्लर्क की गिरफ्तारी के विरोध में तीन घंटे ठप रहीं ट्रेनें
पुपरी : समस्तीपुर से आयी रेलवे की विजिलेंस टीम ने शनिवार को जनकपुर रोड रेलवे स्टेशन (पुपरी)के टिकट बुकिंग कमरे में छापामारी की. इस दौरान कूड़ेदान से दो टिकट व नगद तीन हजार बरामद किया गया. जांच में टिकट बुकिंग क्लर्क के पास 5870 रुपया कम पाया गया. विजिलेंस की टीम टिकट बुकिंग क्लर्क सुशील […]
पुपरी : समस्तीपुर से आयी रेलवे की विजिलेंस टीम ने शनिवार को जनकपुर रोड रेलवे स्टेशन (पुपरी)के टिकट बुकिंग कमरे में छापामारी की. इस दौरान कूड़ेदान से दो टिकट व नगद तीन हजार बरामद किया गया. जांच में टिकट बुकिंग क्लर्क के पास 5870 रुपया कम पाया गया. विजिलेंस की टीम टिकट बुकिंग क्लर्क सुशील कुमार श्रीवास्तव को अपने साथ लेती गयी. इधर, गिरफ्तारी के विरोध में रेल कर्मियों ने ट्रेनों का परिचालन ठप कर दिया, जो लगभग तीन घंटे बाद शुरू हो सका. इस दौरान कई ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं.
क्या है पूरा मामला
छापामारी का नेतृत्व समस्तीपुर से आये इंस्पेक्टर पद्मदेव नारायण कर रहे थे. उन्होंने बताया कि कूड़ेदान के रूप में रखे एक काटरून से दो तत्काल टिकट बरामद किया गया. एक टिकट मुजफ्फरपुर से नई दिल्ली का, तो दूसरा टिकट मुजफ्फरपुर से सूरत का था. टिकट काउंटर के कैश बॉक्स की जांच में 32,790 रुपया पाया गया. उसके बाद बुकिंग की गयी टिकट का ब्योरा निकाला गया. टिकट बुकिंग की राशि 38,660 रुपये हुई. इस तरह 5870 रुपया कम पाया गया. बताया कि क्लर्क सुशील कुमार श्रीवास्तव पर कार्रवाई के लिए उन्हें सीतामढ़ी आरपीएफ इंस्पेक्टर एसएन राम के हवाले कर दिया गया है.
छापेमारी से मचा हड़कंप
आरक्षण काउंटर पर छापामारी से यात्रियों के टिकट बिचौलियों में हड़कंप मच गया. टिकट के लिए काउंटर पर खड़े बिचौलिये अपना परची व पैसा लेकर फरार हो गये. वहीं तत्काल टिकट के लिए कतार में खड़े यात्रियों ने हंगामा किया. स्थानीय पुलिस ने समझा कर उन्हें शांत किया. छापेमारी में अवर निरीक्षक राम प्रसाद मंडल, शंभु मेहता, कुंदन कुमार, एसएस मदन प्रसाद, एसएम संजीव कुमार झा, मुख्य वाणिज्य पर्यवेक्षक शिवचंद्र राम, मुख्य वाणिज्य लिपिक भारतेंदु कुमार पांडेय, स्थानीय थाना के अवर निरीक्षक महेश्वर शर्मा एवं बीएमपी के जवान शामिल थे.