खानपुर : क्षेत्र में लहलहाती फसलों पर जहरीली कीड़े के प्रकोप से किसान परेशान हैं. अपने फसल को देख दिनमनपुर दक्षिणी पंचायत के बरहगामा गांव के मायूस दर्जनों किसानों ने एक संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन जिला कृषि पदाधिकारी को देकर इसके बचाव की गुहार लगायी है. खेतों में लहलहाती फसल को बरबाद होते देख किसानों में हाहाकार मचा है.
कीड़े से फसल इस कदर प्रभावित हो रहा है कि किसानों की पूंजी डूबती नजर आ रही है. बताया गया कि पंचायत के सैकड़ों एकड़ में लगी मक्के, गेहूं, ईख, आम, केला, मूंग, शकरकंद आदि फसल पर सैनिक कीड़े का अचानक प्रकोप हो गया है. देखते ही देखते सभी पत्ते चट कर जाते हैं जिसका सीधा असर फसल के उपज पर पड़ता नजर आ रहा है. अगर ऐसी स्थिति बनी रही तो इस बार पूंजी का ऊपर होना भी संभव नहीं है. किसान कर्ज में डूब जायेंगे.
फसलों की दुर्गति देख किसानों के कलेजे फटने लगे हैं. किसान राजेश कुमार चौधरी, लाल बाबू सिंह, अमन कुमार झा, इंद्रकांत चौधरी, सर्वेश झा, अशोक कुमार झा, शिवराम चौधरी, रामसुभग झा सहित दर्जनों किसानों ने बताया कि फसल पर कीड़े के प्रकोप ने किसानों के छाती पीटने पर मजबूर कर दिया है. समय रहते पदाधिकारी इस पर ध्यान नहीं दिये तो न जाने कितने किसानों की माली हालत खराब हो जायेगी.
वहीं मध्यम वर्गीय व कर्ज लेकर खेती करने वाले किसानों के ऊपर चिंता की लकीरे खींच गई है. किसानों ने पदाधिकारी से जल्द ही जांच टीम भेजकर इसके बचाव में कदम उठाने की मांग की है.
