Samastipur News: राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर दलसिंहसराय अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली लोक अदालत को लेकर प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों ने समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.
बैठक की अध्यक्षता जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष अनुमंडल विधिक सेवा समिति नरेंद्र कुमार यादव ने की. इस दौरान एसडीओ और डीएसपी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
अधिक मामलों के निष्पादन पर जोर
बैठक का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक मामलों का आपसी सुलह के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करना रहा. अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से पुराने मामलों का तेजी से समाधान किया जा सकता है.
नोटिस तामिला को लेकर सख्त निर्देश
अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सह सचिव काजल सोनावाला ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा लोक अदालत के लिए मामलों को चिन्हित कर लिया गया है.
उन्होंने विवेक कुमार शर्मा को निर्देश दिया कि जारी किए गए सभी नोटिसों का शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित किया जाए, ताकि संबंधित पक्ष समय पर उपस्थित होकर अपने मामलों का समाधान करा सकें.
गांव-गांव प्रचार करेंगे पीएलवी
लोक अदालत की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए पारा विधिक स्वयं सेवकों (PLV) के साथ भी विशेष बैठक आयोजित की गई.
उन्हें प्रचार सामग्री वितरित करते हुए निर्देश दिया गया कि वे गांवों और बाजारों में जाकर लोगों को लोक अदालत के फायदे बताएं. अधिकारियों ने कहा कि इस मंच के जरिए लोग बिना खर्च और आपसी सहमति से वर्षों पुराने विवादों का समाधान करा सकते हैं.
इन मामलों का होगा निपटारा
अधिकारियों ने बताया कि लोक अदालत में बैंक ऋण, बिजली बिल, वैवाहिक विवाद और छोटे आपराधिक मामलों सहित कई मामलों का निपटारा किया जाएगा.
समस्तीपुर के दलसिंहसराय से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट
