समस्तीपुर : जिले के 66 केंद्रों पर जारी मैट्रिक परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण रही. डीएम एम. रामचंद्रुडु, एसपी सुरेश प्रसाद चौधरी, सदर एसडीओ सुधीर कुमार ने कई केंद्रों का भी निरीक्षण किया. केंद्रों के निरीक्षण के क्रम में पदाधिकारियों ने पांच परीक्षार्थियों को कदाचार में लिप्त पाया. जिसे केंद्राधीक्षक ने परीक्षा से निष्कासित करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया.
वहीं अन्य केंद्रों के आसपास भटक रहे तीन अभिभावकों को पुलिस ने दबोच लिया, तो प्रश्न पत्र लिकआउट करने के मामले में दो लोगों को भी पुलिस ने धर दबोचा.
जिसकी निशानदेही पर तीन अन्य युवकों को भी थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है. हालांकि इनके पास से पुलिस को क्या अद्यतन जानकारी मिली, इसका खुलासा तो नहीं किया जा रहा है. लेकिन, बताया जा रहा है कि पकड़े गये दो लोग मोबाइल के माध्यम से बच्चों को सहयोग करने की चेष्टा में जुटे थे. जिसकी भनक लगते ही प्रशासनिक पदाधिकारी सक्रिय हुये और उन्हें कोरबद्धा से धर दबोचा.
पकड़े गये दोनों युवकों से एसपी सुरेश प्रसाद चौधरी पूछताछ कर रहे हैं. एसपी ने बताया कि दोनों के मोबाइल के आधार पर इनके कई अन्य सहयोगियों को दबोचा जायेगा. दलसिंहसराय : अनुमंडल के 12 परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई. इस दौरान संत जोसेफ परीक्षा केंद्र के समीप 2, बालिका उच्च विद्यालय के पास से 1 अभिभावक को कदाचार के प्रयास में लिप्त रहने के कारण पुलिस ने हिरासत में लिया. वहीं सक्सेस मिशन स्कूल परीक्षा केंद्र पर एक छात्र बेहोश हो गयी. सूचना पर पहुंचे चिकित्सक डा. डीके शर्मा के चिकित्सा के उपरांत पुन: परीक्षा दे सकी. उड़न दस्ता टीम के डीएसओ डॉ रंगनाथ चौधरी, एसडीओ वरुण कुमार मिश्र समेत अन्य पदाधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया.
शाहपुर पटोरी : पटोरी अनुमंडल मुख्यालय में आयोजित मैट्रिक की परीक्षा पांचवे दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. परीक्षा अवधि में एसडीओ अनिल कुमार के अतिरिक्त जिला से प्रतिनियुक्त अधिकारी सह डीएसओ रंगनाथ चौधरी, डीसीएलआर नीरज कुमार, डीएसपी राजेन्द्र सिंह, इंस्पेक्टर बसंत कुमार झा, थानाध्यक्ष बीएन मेहता पुलिस बल के साथ लगातार सभी परीक्षा केन्द्रों का जायजा लेते रहे.
रोसड़ा : मैट्रिक परीक्षा के पांचवे दिन भी सभी 17 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई. सभी केंद्रों पर केंद्राधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलायी गयी. एसडीओ कुंदन कुमार, डीसीएलआर संजय कुमार व अन्य पदाधिकारियों ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया. एडीएम गौतम पासवान ने भी अधिकांश केंद्रों पर पहुंच निरीक्षण के क्रम में वीक्षकों को कई निर्देश दिये.
