समस्तीपुर : मंडल से कारा से बंदियों को लेकर गुरुवार को कोर्ट परिसर पहुंच कर हंगामा करने वाले दो पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक सुरेश प्रसाद चौधरी ने सस्पेंड कर दिया है. एसपी ने यह कदम उसका मेडिकल जांच कराने के बाद उठाया है. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा. निलंबित पुलिसकर्मियों में धन लाल राय एवं अजय कुमार सिंह शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार अन्य दिनों की भांति ही कोर्ट में बंदी को पेशी के लिए लाया गया था. इसकी सुरक्षा में धन लाल राय व अजय कुमार सिंह को भी तैनात किया गया था. कोर्ट परिसर में पहुंचने के कुछ ही देर बाद दोनों अचानक हंगामा करना शुरू कर दिया. स्थिति इतनी खराब हो गयी कि किसी ने इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक को दी. एसपी ने तत्काल नगर थाने की पुलिस को भेज कर उसका मेडिकल जांच करायी. इसमें दोनों जवान नशे की हालत में पाये गये.
चिकित्सक ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट से अवगत करा दिया. इसकी सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्री चौधरी ने दोनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया. इधर, कचहरी परिसर में मौजूद लोगों का कहना है कि बंदियों को लाने तक दोनों पुलिसवाले सामान्य स्थिति में नजर आ रहे थे. कुछ देर बाद वे इस तरह की हरकत करनी शुरू कर दी जिससे प्रतीत हो रहा था कि दोनों नशे की हालत में है. उनके क्रियाकलाप को देखने के लिए कचहरी परिसर में भारी भीड़ जमा हो गयी. इसके बाद इसकी जानकारी वरीय अधिकारी को दी गयी.
