जहर खिला कर पिता को मार डाला!

पूसा (समस्तीपुर) : थाना क्षेत्र के धोवगामा पंचायत अंतर्गत सेखोपुर गांव में रविवार की रात एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर पिता को सल्फॉस खिलाकर मार डाला. पुलिस ने आरोपित पुत्र व पुत्रवधू को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक राम गुलाम दास (68) के शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है. […]

पूसा (समस्तीपुर) : थाना क्षेत्र के धोवगामा पंचायत अंतर्गत सेखोपुर गांव में रविवार की रात एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर पिता को सल्फॉस खिलाकर मार डाला. पुलिस ने आरोपित पुत्र व पुत्रवधू को गिरफ्तार कर लिया है.
मृतक राम गुलाम दास (68) के शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है. थानाध्यक्ष शैलेश कुमार झा ने कहा कि हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम में मृतक से मारपीट किये जाने की बात सामने आयी है.
बताया गया है कि किसी बात को लेकर राम गुलाम की पुत्र विजय दास से कहासुनी हुई थी. इसमें उसकी पुत्रवधू राज कुमारी देवी भी शामिल थी. ग्रामीणों ने सोमवार की सुबह राम गुलाम की मौत की सूचना पुलिस को दी. ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी कि बहू-बेटे ने पिता को सल्फॉस खिलाकर मार डाला है. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित पुत्र व पुत्रवधू को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि गिरफ्तार बहू-बेटे ने हत्या के आरोप को गलत बताते हुए पिता द्वारा खुदकुशी करने की बात कही.
आधी रात में पहुंचे थे पंचायत को. ध्रुवगामा पंचायत के मुखिया अजीत कुमार राय का कहना है कि राम गुलाम और उसके पुत्र विजय दास व बहू राज कुमारी देवी के बीच अक्सर खाना-पीना और रखरखाव को लेकर झगड़ा हुआ करता था. घटना की रात भी बाप-बेटे के बीच किसी बात को लेकर गाली गलौज हुई थी. वे दोनों रात करीब 10 बजे के बाद उनके यहां पंचायत कराने के लिए आये थे. दोनों बाप-बेटे को समझा कर सुबह तक मामला ठंडा रखने की हिदायत देकर वापस घर भेजा था. इसी बीच उसकी मौत की सूचना मिली है.
विजय को होने वाली थी सजा.
अपने पिता के साथ विजय का अक्सर झगड़ा होता था. इससे तंग आकर उसके पिता ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व पूसा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसमें उसे जेल भी जाना पड़ा था. ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले में लगातार सुनवाई के बाद अब विजय को सजा मिलने की नौबत आ चुकी थी. बावजूद इसके पिता-पुत्र के बीच झगड़ा खत्म होने के बजाय और बढ़ता ही जा रहा था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >