समस्तीपुर/उधवा : देवघर के राधानगर थाना क्षेत्र के बेगमगंज से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात समस्तीपुर बिहार से अपह्रत 14 वर्षीय किशोरी को बरामद कर लिया है. जानकारी के अनुसार राधानगर थाना प्रभारी ॠषिकेष राय ने बेगमगंज मुंशी टोला के मनारुल शेख के घर से किशोरी को बरामद किया है.
पुलिस ने इसकी सूचना किशोरी के भाई को दे दी है. जानकारी के अनुसार समस्तीपुर स्टेशन समीप हसनपुर से सात दिन पूर्व किशोरी को मनारुल शेख बहला फुसला कर अपने साथ बरहरवा लाया था. उसके बाद बरहरवा से उसे केन्दुआ लाया और फिर वहां से उधवा के बाबूटोला में अपनी मुंह बोली बहन के घर रखा. इसके बाद रविवार को बेगमगंज स्थित अपने घर ले गया. जिसे लेकर ग्रामीणों को शक हुआ और राधानगर थाना प्रभारी ॠषिकेष राय को इसकी सूचना दी. पूछताछ में मनारुल शेख ने बताया कि किशोरी से एक साल से फोन पर बातचीत होती थी. बीते एक सप्ताह पूर्व मनारुल शेख समस्तीपुर के हसनपुर पहुंच कर उक्त किशोरी को जबरन अपने साथ लेकर आया है. उक्त किशोरी समस्तीपुर के मिथान थाना क्षेत्र की बतायी जा रही है. बहरहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
