समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी गली संख्या एक में गुरुवार को प्रेमिका के चक्कर में दो गुट आपस में भिड़ गये. दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस मारपीट में एक युवक के पैर में गंभीर जख्म हो गया है. मौके पर जुटे लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया. इस क्रम में मोहल्लेवासियों का तेवर देख दोनों गुट के युवक भाग खड़े हुए. घटना की जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस ने कॉलोनी के लोगों से जानकारी प्राप्त की. इस घटना में जख्मी युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया,
जहां उसका उपचार किया गया. दोनों गुट के युवक आसपास के ही मोहल्ला के रहनेवाले हैं. इसको लेकर इलाके में तनाव है. हालांकि, किसी ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की है. मोहल्लेवासियों ने बताया कि एक युवती का दोनों युवकों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. विगत दिनों ताजपुर रोड स्थित एक मॉल में युवती को पहले प्रेमी के साथ देख दूसरे प्रेमी ने देख लेने की धमकी दी. गुरुवार को पहला प्रेमी दूसरा प्रेमी के आवास पर पहुंचा और एक-दूसरे को देखते ही भिड़ पड़े. हालांकि, इससे संबंधित शिकायत किसी भी गुट ने नहीं दर्ज करायी है. लेकिन, दो युवक सदर अस्पताल पहुंच इंज्यूरी बनवायी है.
