कार्रवाई. लक्ष्मी चौक स्थित मोबाइल दुकान में हुई चोरी का खुलासा
समस्तीपुर : पुलिस की विशेष टीम ने गत दिनों मथुरापुर ओपी के लक्ष्मी चौक स्थित मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर दिया है. इस मामले में शातिर चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से चोरी गये प्रिंटर, टैब, मोबाइल व नकदी बरामद किये गये हैं. गिरफ्तार अपराधियों में वारिसनगर थाना क्षेत्र के सुखपुर गांव निवासी शंकर दास, मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के सलहा बरबट्टा निवासी राजा कुमार व एक अन्य युवक शामिल हैं. अपने कार्यालय कक्ष में मंगलवार को जानकारी देते हुए डीएसपी मो तनवीर अहमद ने बताया कि चोरी की घटना के बाद दुकानदार पप्पू कुमार साह उर्फ पारस ने मथुरापुर ओपी में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसके बाद मथुरापुर ओपी अध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण के नेतृत्व में टीम गठित की गयी.
इसमें कांड के आइओ धर्मेंद्र कुमार सिंह को सम्मिलित करते हुए कांड का खुलासा करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी. टीम के सदस्यों ने चोरी गये सामान के साथ तीन शातिर चोर को गिरफ्तार कर कांड का खुलासा कर दिया. डीएसपी ने कहा कि पूछताछ के दौरान पकड़े गये युवकों ने इस चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की ही है. इसके अलावा कई अन्य घटनाओं के बाबत भी कई अहम सुराग पुलिस को दिये हैं. इसके बाद पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है.
