सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट:
Yuva Mandal Vikas Abhiyan: मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) के तत्वावधान में सहरसा जिले के कहरा एवं सिमरी बख्तियारपुर प्रखंडों में युवा मंडल विकास अभियान का शुभारंभ किया गया. यह अभियान 16 जून से 20 जून तक चलाया जाएगा.
अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक युवा मंडलों का गठन कर युवाओं को संगठित, जागरूक और सशक्त बनाना है. इसके तहत विभिन्न पंचायतों एवं गांवों में युवाओं से संपर्क स्थापित कर उन्हें युवा मंडलों से जोड़ने का कार्य किया जाएगा.
अभियान के माध्यम से युवाओं की सहभागिता बढ़ाने, युवा मोबिलाइजेशन को गति देने तथा सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके अलावा खेल-कूद, नेतृत्व विकास, कौशल प्रशिक्षण और क्षमता विकास से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी.
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर फोकस
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं सामुदायिक विकास के कार्यों से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया. अभियान का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा प्रदान करना है, ताकि वे समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें.
जिला युवा अधिकारी तृप्ति जैन ने बताया कि अभियान के दौरान अधिकाधिक युवा मंडलों का गठन कर उन्हें सक्रिय बनाया जाएगा. इससे युवाओं की क्षमता का बेहतर उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में किया जा सकेगा.
उन्होंने युवाओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने गांव और पंचायत में युवा मंडलों के गठन में सहयोग करने की अपील की.
