पेड़ काटने के विवाद में दबंगों ने युवक को पीटा, 10 हजार रुपये व घड़ी छीनी

पुराने जमीनी विवाद एवं पेड़ काटने को लेकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट, छिनतई एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है.

सिमरी बख्तियारपुर. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रंगीनिया वार्ड नंबर 14 में पुराने जमीनी विवाद एवं पेड़ काटने को लेकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट, छिनतई एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़ित ने इस संबंध में थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. जानकारी के अनुसार, पीड़ित अफसर आलम ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि विवाद की शुरुआत 27 जनवरी को हुई थी. आरोप है कि हामिदपुर निवासी मो अशरफ, मो आसिफ एवं मो शमशाद ने उनकी निजी जमीन पर लगे करीब 85 हजार रुपये की कीमत वाले शीशम के पेड़ को जबरन काट लिया था. जब पीड़ित ने इसकी शिकायत थाने में की, तो आरोपी आग-बबूला हो गया. पीड़ित अफसर आलम जब अपनी पुत्री को स्कूल छोड़ने जा रहे थे उसी दौरान स्कूल के पास तीनों आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और पुलिस में शिकायत करने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपियों ने बैट से उनकी जमकर पिटाई की. पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान मो अशरफ एवं मो आसिफ ने मिलकर उनकी जेब से 10 हजार रुपये नकद एवं हाथ की घड़ी छीन ली. पीड़ित ने बताया कि जब वह जान बचाकर अपने घर की तरफ भागे, तो तीनों आरोपी हाथों में कुल्हाड़ी लेकर उनके घर तक आ धमके. आरोपियों ने घर के बाहर हंगामा किया एवं बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित के अनुसार यह पूरी घटना उनके घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. पीड़ित के लिखित आवेदन पर बख्तियारपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है एवं आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >