विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, मायके वालों ने हत्या का लगाया आरोप

थाना क्षेत्र के कढ़ैया पंचायत स्थित वार्ड 10 कचड़ा में शनिवार की देर रात्रि एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी.

करेंट लगाकर हत्या करने का लगाया आरोप, ससुराल वाले फरार

सौरबाजार. थाना क्षेत्र के कढ़ैया पंचायत स्थित वार्ड 10 कचड़ा में शनिवार की देर रात्रि एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले ने कचड़ा पहुंच घटना की सूचना थाना को दी. जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच तहकीकात करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया. घटना के बाद से मृतका का पति सहित पूरा परिवार घर छोड़कर फरार हो गया. मृतका के मायके वालों ने करंट लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.

मृतका की पहचान कढ़ैया पंचायत स्थित वार्ड 10 कचड़ा निवासी नथन साह के पुत्र राजा कुमार की 28 वर्षीय पत्नी निकम कुमारी के रूप में हुई है. निकम कुमारी तीन बच्चों की मां थी. निकम को 7 वर्षीय पुत्री स्मृति कुमारी, 6 वर्षीय जिया कुमारी एवं 2 वर्षीय पुत्र प्रसिद्ध राठौर है. मृतका की गौतनी रूपम देवी ने बताया कि घर के बगल में शादी समारोह था. मटकोर कार्यक्रम को लेकर बाहर गाना बजाना हो रहा था. जिसे देखने दोनों महिलाएं घर से बाहर गयी थी. कुछ देर बाद दोनों वापस घर लौटी. रूपम देवी ने बताया कि उनकी तबीयत खराब थी. इसलिए वह अपने कमरे में चली गयी. इसके बाद निकम कहां गयी, इसकी जानकारी नहीं हो सकी. रात करीब 8:00 बजे जब घर में खाना बनाने को लेकर निकम को खोजा गया तो वह रसोई घर में बेंच के नीचे मृत अवस्था में पड़ी मिली. परिजनों के हल्ला करने पर आसपास के लोग जुट गये.

आठ वर्ष पूर्व किया था प्रेम विवाह

बताया जा रहा है कि मृतका के प्राइवेट पार्ट के पास से काफी मात्रा में रक्तस्राव हो रहा था. मृतका के फुफेरे भाई अखिलेश कुमार ने बताया कि पड़ोसियों ने फोन कर निकम की मौत की जानकारी दी. पतरघट थाना क्षेत्र के कहरा निवासी स्व देवकृष्ण साह की पुत्री निकम कुमारी व कचरा निवासी नथन साह के पुत्र राजा कुमार ने करीब आठ वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था, जबकि मृतका निकम के पिता देवकृष्ण साह की मृत्यु वर्ष 2018 में ही कैंसर से हो गयी थी. इस मामले में पुलिस सभी बिंदू पर जांच कर रही है. खबर लिखे जाने तक मृतका के परिजन द्वारा पुलिस को आवेदन नहीं दिया गया था. अपर थाना अध्यक्ष प्रभाकर भारती ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >