ब्लॉक चौक के पास गिट्टी लदा ट्रक हुआ खराब, घंटों बाधित रहा यातायात

नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक चौक के समीप रविवार को उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब गिट्टी अनलोडिंग के दौरान एक भारी भरकम ट्रक का एक्सेल अचानक टूट गया.

सिमरी बख्तियारपुर. नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक चौक के समीप रविवार को उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब गिट्टी अनलोडिंग के दौरान एक भारी भरकम ट्रक का एक्सेल अचानक टूट गया. ट्रक के सड़क के बीचों-बीच खड़ा हो जाने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जानकारी के मुताबिक, पाकुड़ जिला से लगभग 30 टन गिट्टी लोड कर ट्रक सिमरी बख्तियारपुर पहुंचा था. ब्लॉक चौक के निकट ही अनलोडिंग के दौरान अचानक ट्रक का एक्सेल टूट गया, जिससे वाहन वहीं रुक गया. सड़क संकरी होने के कारण कुछ ही देर में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गयी. पुलिसकर्मियों ने यातायात को वैकल्पिक मार्ग से संचालित करने का प्रयास किया, ताकि जाम को कम किया जा सके. हालांकि ट्रक को हटाने में तकनीकी दिक्कतों के कारण कई घंटों तक सड़क पर यातायात बाधित रहा. ट्रक चालक की पहचान अलाही अंसारी के रूप में हुई है. चालक ने बताया कि वाहन पूरी तरह से लोड था और अनलोडिंग के दौरान अचानक एक्सेल टूट जाने से यह समस्या उत्पन्न हो गयी. मैकेनिक को बुलाकर ट्रक को दुरुस्त करने की कोशिश की जा रही है. इस दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी और जाम के कारण ब्लॉक चौक क्षेत्र में असर देखने को मिला.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >