सोनवर्षाराज (सहरसा) . प्रखंड क्षेत्र के मोकमा गांव निवासी सड़क दुर्घटना में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो जाने से गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.जानकारी के अनुसार मोकमा गांव निवासी 35 वर्षीय मीरा देवी, पति बेचन यादव, नौ जुलाई को अपने 18 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के साथ मायके बलूआ मोहनपुर से बाइक पर सवार होकर ससुराल लौट रही थी. इसी दौरान पतरघट प्रखंड के किशनपुर गांव के समीप नहर के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये.
मीरा देवी के सिर एवं माथे पर लगी थी गंभीर चोट
मीरा देवी के सिर एवं माथे पर गंभीर चोट लगी. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पतरघट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया. बाद में परिजन उन्हें इलाज के लिए नेपाल स्थित गोल्डेन अस्पताल ले गये, जहां इलाज के दौरान दूसरे दिन उनकी मौत हो गयी. महिला की मौत की खबर मिलते ही मोकमा गांव में मातम छा गया.
घायल पुत्र नीतीश कुमार ने मां को दी मुखाग्नि
अंतिम संस्कार के दौरान घायल पुत्र नीतीश कुमार ने अपनी मां को मुखाग्नि दी. यह मार्मिक दृश्य देख मौजूद लोगों की आंखें नम हो गयीं. मृतका अपने पीछे पति बेचन यादव, एक पुत्र एवं दो पुत्रियों को छोड़ गयी हैं. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग प्रशासन से की है.
