राज्य स्तरीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में विशाल ने जीता गोल्ड, सूरज को मिला ब्रॉन्ज

आरा में आयोजित 12वीं राज्य स्तरीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में सहरसा के विशाल कुमार ने 79 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक और सूरज कुमार ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है. इन दोनों होनहार खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनके चयन से पूरे जिले और खेल जगत में हर्ष का माहौल है.

सहरसा से विनय कुमार मिश्र: आरा के खेल भवन में आयोजित 12वीं राज्य स्तरीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में सहरसा जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है. सत्तर प्रखंड के पंचगछिया गांव निवासी विशाल कुमार ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 79 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) पर कब्जा जमाया है. वहीं, कोपरिया के सूरज कुमार ने कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया है.

30 जिलों के 338 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

इस राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में बिहार के 30 जिलों के कुल 338 बालक और बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. इस कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सहरसा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. विजेता खिलाड़ियों को भारतीय ग्रैपलिंग संघ के महासचिव सुबोध कुमार के द्वारा मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया.

लगातार दूसरे साल जिले को मिली बड़ी सफलता

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर ग्रैपलिंग संघ के जिला सचिव हरेंद्र सिंह मेजर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पिछले साल सहरसा जिले को ग्रैपलिंग खेल संघ की मान्यता मिलने के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मोहम्मद इम्तियाज ने जिले के लिए पहला मेडल जीता था. अब विशाल और सूरज ने इस सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए नया मुकाम हासिल किया है.

नेशनल प्रतियोगिता में दिखाएंगे अपना जलवा

जिला ग्रैपलिंग संघ के अध्यक्ष जितेंद्र चौहान ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि इस खेल में दो खिलाड़ियों को नेशनल स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलना सहरसा जिले के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है. इन होनहार खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर जिले के सभी खेल संघों के पदाधिकारियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >