फिक्स डिपॉजिट के नाम पर पांच लाख रुपये ठगी का आरोप
सेवानिवृत्त कर्मी परशुराम झा ने फिक्स डिपॉजिट एवं प्रीमियम जमा कराने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए सदर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है.
सेवानिवृत्त कर्मी ने सदर थाने में दिया आवेदन, राशि वापस दिलाने व कार्रवाई की मांग
सहरसा. शहर के वार्ड 15 स्थित हनुमान चौक निवासी सेवानिवृत्त कर्मी परशुराम झा ने फिक्स डिपॉजिट एवं प्रीमियम जमा कराने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए सदर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. दिए गये आवेदन में परशुराम झा ने बताया कि वर्ष 2010 में सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें रिटायरमेंट की राशि पर अधिक लाभ दिलाने का प्रलोभन दिया गया. आरोप है कि भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआइसी) के एक अभिकर्ता ने फिक्स डिपॉजिट कराने के नाम पर उनसे साढ़े तीन लाख रुपये लिए तथा 15 माह तक प्रतिमाह 10 हजार रुपये भी जमा कराए. इस प्रकार कुल पांच लाख रुपये उनसे ले लिए गये.
24 माह बाद भी नहीं मिले कागजात
पीड़ित के अनुसार, जब राशि वापस लेने की बात आयी तो उन्हें आवश्यक कागजात उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया. बताया गया कि दस्तावेज रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से उनके पते पर भेज दिए जायेंगे, लेकिन 24 माह बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई कागजात प्राप्त नहीं हुए. उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में जानकारी मिली कि संबंधित व्यक्ति अन्य लोगों के साथ भी इसी प्रकार की ठगी कर चुका है. साथ ही आरोपी अपने पुराने पते पर भी नहीं मिल रहा है.
आर्थिक संकट का सामना कर रहा पीड़ित
परशुराम झा ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने पूर्व में भी थाना में आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से ठगी गयी राशि वापस दिलाने एवं आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पीड़ित ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद उनकी जीविका का मुख्य आधार यही राशि थी. पेंशन की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.