सहरसा से दीपांकर की रिपोर्ट: सदर थाना क्षेत्र के बेंगहा राम-जानकी चौक (वार्ड नंबर 10) के समीप शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने एक घर के पीछे की खिड़की का ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात सहित नकदी की चोरी कर ली. इस घटना के बाद से इलाके के निवासियों में दहशत का माहौल है.
आलमगीर और लॉकर तोड़कर उड़ाया कीमती सामान
पीड़ित ओमप्रकाश ने बताया कि चोर घर के पीछे लगे लोहे के ग्रिल को काटकर अंदर दाखिल हुए थे. घर में घुसने के बाद अपराधियों ने दो स्टील की आलमारियों और लॉकर को कटर या किसी भारी औजार से तोड़ दिया. पीड़ित के अनुसार, चोरों ने करीब एक लाख रुपये नकद और दस लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के जेवरात, जिनमें सोने की चेन, अंगूठियां और सोने के बिस्कुट शामिल थे, पर हाथ साफ कर दिया. सुबह जब परिवार के सदस्य उठे, तो बिखरा हुआ सामान देखकर उनके होश उड़ गए.
सीसीटीवी फुटेज से मिल सकता है सुराग
पीड़ित परिवार का कहना है कि घर के पीछे के हिस्से में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि अगर कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की जाए, तो चोरों की पहचान आसानी से हो सकती है. गौरतलब है कि पीड़ित के घर में पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है, जिससे स्थानीय पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
जांच में जुटी सदर थाना पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी के इस मामले में संदिग्धों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों के भागने के रास्ते का पता चल सके.
