युवक के गले पर चाकू मार बदमाश बाइक लेकर फरार, हालत गंभीर

बलवाहाट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई. जहां अज्ञात बदमाश ने एक युवक के गले पर चाकू से हमला कर उसकी बाइक छीन ली एवं फरार हो गया.

बलवाहाट थाना क्षेत्र के बघवा गांव के समीप दो गछिया के पास हुई वारदात

सिमरी बख्तियारपुर. बलवाहाट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई. जहां अज्ञात बदमाश ने एक युवक के गले पर चाकू से हमला कर उसकी बाइक छीन ली एवं फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया. घायल युवक की पहचान कनरिया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या दो निवासी शंकर यादव के 22 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है. जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.

रास्ते में रुकने का इशारा कर दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, प्रिंस कुमार अपनी बाइक से किसी कार्य से बलवाहाट की ओर जा रहा था. इसी दौरान वह बघवा गांव के समीप स्थित दो गछिया के पास पहुंचा. बताया जाता है कि सड़क किनारे खड़े एक युवक ने उसे रुकने का इशारा किया. मानवता के नाते प्रिंस ने अपनी बाइक रोक दी. बाइक रुकते ही युवक उसके वाहन पर बैठ गया. प्रिंस ने जब उससे पूछा कि उसे कहां जाना है, तभी आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर उसके गले पर हमला कर दिया. हमले में प्रिंस गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. इसके बाद बदमाश उसकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया.

घटना के बाद मची अफरा-तफरी

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. लेकिन गले पर गंभीर चोट होने के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बनी रही. इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया गया.

लूटपाट या पुरानी रंजिश, पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे सर्किल इंस्पेक्टर निवास कुमार ने बताया कि एक युवक को चाकू मारकर घायल किये जाने की घटना सामने आयी है. फिलहाल घायल युवक का विस्तृत बयान नहीं लिया जा सका है एवं उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना लूटपाट के उद्देश्य से की गई है या इसके पीछे कोई पुराना विवाद है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते मामले की जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. इधर समाचार लिखे जाने तक घायल युवक उसके परिजनों की ओर से थाना में किसी प्रकार का लिखित आवेदन नहीं दिया गया था. पुलिस आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है. वहीं घटना के बाद इलाके के लोगों ने क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने एवं अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. वहीं एसडीपीओ सिमरी बख्तियारपुर मुकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि एक युवक को चाकू मारकर जख्मी किये जाने का मामला सामने आया है. एफएसएल की टीम को बुलाया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >