सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट Saharsa News : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में मंगलवार को बालवाटिका तीन एवं कक्षा एक के नये नामांकित बच्चों का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी बच्चों एवं उनके अभिभावकों का हार्दिक अभिनंदन किया. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्य मोनिका पांडेय ने बच्चों को स्वागत बैज पहनाकर की. इसके बाद उन्होंने अपने संबोधन में नये विद्यार्थियों को शुभकामना देते उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस दौरान बच्चों को विद्या प्रवेश की विशेष पुस्तिका एवं अधिगम सहायक सामग्री पेंसिल, रबर एवं कटर प्रदान किया. बच्चों का उनकी कक्षाओं में रंगीन फीता काटकर उत्साहपूर्वक प्रवेश कराया गया. जिससे नन्हे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान एवं विद्यालय के प्रति अपनापन देखने को मिला. प्राचार्या ने अभिभावकों के साथ एक विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया. जिसमें उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए घर एवं विद्यालय के बीच निरंतर समन्वय व सक्रिय साझेदारी की महत्ता पर बल दिया. उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत खेल-खेल में सीखना ही प्राथमिक शिक्षा का मुख्य आधार है. पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन प्रभारी मुख्य अध्यापक भवेश कुमार के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ. इस आयोजन को यादगार बनाने में विद्यालय के सभी प्राथमिक शिक्षकों सतेंद्र कुमार, निकिता, लीना, श्रवण कुमार, शैफाली, श्वेतामणि, गरिमा, अब्दुल्ला हैरिस ने अपनी सक्रिय सहभागिता एवं समर्पण से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. प्राचार्या ने नव प्रवेशित छात्रों के माता पिता को बच्चों के उज्जवल भविष्य की शुभकामना दी.
Saharsa केंद्रीय विद्यालय में नये नामांकित नन्हें बच्चों का हर्षोल्लास के साथ किया गया स्वागत
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में मंगलवार को बालवाटिका तीन एवं कक्षा एक के नये नामांकित बच्चों का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया.
