समय पर वेतन और प्रोन्नति को लेकर शिक्षकों का ऐलान, 5 जुलाई को सहरसा में बनेगी आंदोलन की रणनीति

Teacher News Bihar :बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ ने 5 जुलाई को सहरसा में प्रमंडलीय शिक्षक सम्मेलन बुलाया है. समय पर वेतन, प्रोन्नति, पुरानी पेंशन और राज्यकर्मी का दर्जा सहित कई मुद्दों पर आगे की रणनीति बनेगी.

सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट

Teacher News Bihar :बिहार के नियोजित और विद्यालय अध्यापकों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज होने के संकेत मिल रहे हैं. बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ ने 5 जुलाई को सहरसा में प्रमंडलीय शिक्षक संवाद एवं सम्मेलन आयोजित करने का फैसला किया है. इस सम्मेलन में समय पर वेतन भुगतान, लंबित प्रोन्नति, पुरानी पेंशन योजना, राज्यकर्मी का दर्जा और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर आगे की रणनीति तय की जाएगी. इसके साथ ही संघ ने आगामी कोसी स्नातक विधान परिषद चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारने का भी ऐलान किया है.

दिव्या हत्याकांड में नया मोड़, वायरल वीडियो में छात्रा ने पहले ही जताई थी जान का खतरा.

वेतन और प्रोन्नति को लेकर सरकार पर उठाए सवाल

सोमवार को जिला परिषद परिसर में आयोजित प्रमंडल स्तरीय बैठक की अध्यक्षता राज्य सचिव निरंजन कुमार ने की. बैठक में सहरसा, सुपौल और मधेपुरा से पहुंचे शिक्षक प्रतिनिधियों ने नियोजित, विशिष्ट, विद्यालय अध्यापक, प्रधान शिक्षक और प्रधानाध्यापकों की लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की.

प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार पप्पू ने कहा कि नियोजित शिक्षकों को हर महीने समय पर वेतन नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने आरोप लगाया कि नियमावली में स्पष्ट प्रावधान होने के बावजूद कालबद्ध प्रोन्नति, स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति और प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया लंबित है. साथ ही ऐच्छिक स्थानांतरण प्राप्त शिक्षकों का स्थानांतरण भी अब तक शुरू नहीं किया गया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

5 जुलाई को सहरसा में तय होगी आगे की लड़ाई

शिक्षक संघ ने बताया कि 5 जुलाई को होने वाले प्रमंडलीय शिक्षक संवाद एवं सम्मेलन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल होंगे. सम्मेलन में लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी और सरकार के समक्ष शिक्षकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति बनाई जाएगी.

प्रदेश अध्यक्ष ने जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के कुछ कर्मियों पर शिक्षकों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया और कहा कि संघ इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा.

पुरानी पेंशन और राज्यकर्मी का दर्जा फिर बना बड़ा मुद्दा

बैठक में नियोजित, विशिष्ट और विद्यालय अध्यापकों को पे-बैंड-2 के तहत सातवें वेतनमान का पुनरीक्षित लाभ देने, राज्यकर्मी का दर्जा प्रदान करने और पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग दोहराई गई. इन मुद्दों पर व्यापक सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाने का भी निर्णय लिया गया.

विधान परिषद चुनाव में उतरेगा शिक्षक संघ

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण फैसला आगामी कोसी स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर लिया गया. शिक्षक संघ ने घोषणा की कि शिक्षकों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ अपना उम्मीदवार मैदान में उतारेगा. बैठक में कोसी प्रमंडल के तीनों जिलों से बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधियों ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया.

इसे भी पढ़ें: बिहार के इन दो जिलों के बीच का सफर होगा आसान, 82 करोड़ होंगे खर्च, बनेगा नया बाईपास

अब 2500 स्कूटी सवार महिला सिपाही रखेंगी मनचलों पर नजर, सरकार ने जारी की गाइडलाइन

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >