Saharsa News: सहरसा समाहरणालय कार्यालय प्रकोष्ठ में मंगलवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में नीलाम पत्र वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान लंबित मामलों, सन्निहित राशि तथा विभिन्न स्तरों पर लंबित वादों की विस्तार से समीक्षा करते हुए त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये.
लंबित वादों की हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक में जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी कुमारी तोसी ने जिले में लंबित नीलाम पत्र वादों, उनसे संबंधित कुल सन्निहित राशि तथा विभिन्न स्तरों पर लंबित मामलों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की. समीक्षा के दौरान प्रत्येक पदाधिकारी के पास लंबित वादों की संख्या, धारा-7 के तहत जारी नोटिस, अंतिम चेतावनी नोटिस, गिरफ्तारी वारंट तथा कुर्की वारंट की स्थिति का बिंदुवार आकलन किया गया.
समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की नियमित सुनवाई करते हुए उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि जिन मामलों में पहले से गिरफ्तारी वारंट जारी हैं, उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल स्मार पत्र भेजा जाए, ताकि विधिसम्मत कार्रवाई समय पर हो सके.
बैंक प्रतिनिधियों की उपस्थिति होगी अनिवार्य
डीएम ने निर्देश दिया कि नीलाम पत्र वादों की सुनवाई के दौरान संबंधित विभागीय पदाधिकारी तथा बैंक से जुड़े मामलों में बैंक के अधिकृत प्रतिनिधि की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए. इससे मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन में सुविधा होगी.
जमा राशि वाले मामलों को मिलेगी प्राथमिकता
बैठक में जिलाधिकारी ने ऐसे मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया, जिनमें नीलाम पत्र देनदार द्वारा सन्निहित राशि जमा कर दी गई है, लेकिन तलवाना राशि अथवा अन्य न्यायालयीय शुल्क लंबित है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये.
कई अधिकारी रहे मौजूद
Saharsa News: बैठक में अपर समाहर्ता निशांत कुमार, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी कुमारी तोसी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रेयांश तिवारी, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिले के अन्य संबंधित पदाधिकारी तथा सभी अंचलाधिकारी उपस्थित रहे.
