सहरसा. जिले में सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है. विभाग के अनुसार, पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी सभी प्रखंडों में मरम्मत दलों का गठन कर उन्हें पंचायतों में भेजा गया है. जहां युद्धस्तर पर खराब चापाकलों को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है. विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि उनके क्षेत्र में यदि कोई सार्वजनिक चापाकल खराब है तो उसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि शीघ्र मरम्मत कर लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके. शिकायतों के लिए प्रमंडलीय नियंत्रण कक्ष, कार्यपालक अभियंता कार्यालय का दूरभाष संख्या 06478-225501 जारी किया गया है. इसके अलावा विभिन्न प्रखंडों के सहायक अभियंताओं एवं कनीय अभियंताओं के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं. जिन पर सीधे संपर्क कर शिकायत दर्ज करायी जा सकती है. लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि विभाग का उद्देश्य गर्मी एवं मानसून के दौरान संभावित पेयजल संकट से लोगों को राहत प्रदान करना है. उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित मरम्मत दल को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया जाएगा. जिससे खराब चापाकलों को जल्द से जल्द चालू कर आम लोगों को सुविधा उपलब्ध करायी जा सके.
खराब चापाकलों की मरम्मत के लिए विशेष अभियान, शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
जिले में सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
