हुसैनचक में तीन दुकानों में हुई चोरी, आक्रोशित दुकानदारों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन सिमरी बख्तियारपुर बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के हुसैन चक में बीती रात अज्ञात चोरों ने तीन दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला दिया. चोरी की वारदात से आक्रोशित दुकानदारों ने रविवार सुबह सिमरी बख्तियारपुर – सहरसा मुख्य सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया. सड़क जाम से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वेंटिलेटर तोड़ घुसे चोर बुधवार रात चोरों ने हुसैनचक चौक स्थित आर्यन शॉप में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. दुकानदार सुरेश बढ़ई ने बताया कि दुकान से दूध, स्टिंग, गुटखा सहित अन्य सामान चोरी कर ली गयी. इसके बाद चोरो ने नदीम टेलीकॉम में वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में घुस चोरी की. दुकान के मालिक मो मनौव्वर ने बताया कि रिपेयरिंग के लिए रखा गया 12 मोबाइल फोन चोरी हो गया. वहीं जफर आलम की किराना दुकान में चोरों ने हाथ साफ कर लिया. यहां से सात एक लीटर वाला तेल, बेसन, बारह सौ रुपये नकद और साबुन चोरी की गयी. आक्रोशित दुकानदारों ने किया विरोध चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही हुसैन चक के दुकानदारों में रोष फैल गया. उन्होंने सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया. साथ ही टायर जला प्रदर्शन किया. जाम की वजह से वाहन चालकों और आम नागरिकों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी. दुकानदारों का कहना था कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था ढीली है और पुलिस ध्यान नहीं दे रही. पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन बुधवार रात चोरों की घटी घटना के बाद सड़क जाम की सूचना मिलने पर बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष अमरनाथ कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जाम हटाने का प्रयास किया. लेकिन प्रदर्शनकारी दुकानदार अपनी मांगों पर अड़े रहे. बाद में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, इंस्पेक्टर मो शुजाउद्दीन ने जाम स्थल पर पहुंच कर दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें समझाया. पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की गहराई से जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जायेगा. इसके बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हुआ. जांच जारी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किये. थाना अध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. साथ ही पुलिस ने आम नागरिकों से धैर्य बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की भी अपील की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
