रेल ट्रैक किनारे युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी, परिजनों में मचा कोहराम

सहरसा मानसी रेलखंड पर कोपरिया और सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन के बीच स्थित रेल पुल संख्या 43 के समीप रविवार की सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी.

सलखुआ. सहरसा मानसी रेलखंड पर कोपरिया और सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन के बीच स्थित रेल पुल संख्या 43 के समीप रविवार की सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गयी. जानकारी के अनुसार सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने मुबारकपुर पुल के पास रेल ट्रैक के किनारे एक शव पड़ा देखा. शव की स्थिति अत्यंत खराब थी. जिससे प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत संबंधित रेलकर्मियों को दी. इसके बाद 13 सी गेटमैन ने कोपरिया स्टेशन मास्टर को घटना की जानकारी दी. मृतक की पहचान हरेबा वार्ड संख्या 15 निवासी मो रफीक के 31 वर्षीय पुत्र मो मुर्शीद के रूप में की गयी है. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए. सूचना पर सलखुआ थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा तैयार किया. परिजनों ने बताया कि मुर्शीद मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर घर से बिना बताए निकल जाता था. आशंका जताई जा रही है कि रविवार अहले सुबह वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गया होगा. बताया जाता है कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही उसे घर ले जाकर सुपुर्द-ए-खाक कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >