Kosi Embankment Seepage : पूर्वी कोसी तटबंध के बाहर सीपेज के पानी का बहाव बाधित होने से महिषी से सलखुआ तक के कई गांवों में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है. खेतों में लगातार पानी भरने से हजारों एकड़ में लगी धान सहित अन्य फसलों पर डूबने का खतरा उत्पन्न हो गया है. किसान अपनी मेहनत की फसल बचाने को लेकर चिंतित हैं.
विधायक ने अधिकारियों के साथ किया स्थलीय निरीक्षण
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक संजय कुमार सिंह ने अधिकारियों एवं अभियंताओं की टीम के साथ लगजोड़ा पुल, कोरलाहा पुल और सलखुआ स्लुइस गेट का निरीक्षण किया. उन्होंने जल निकासी की पूरी व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पानी के बहाव को तत्काल सुचारु किया जाए, ताकि खेतों में जमा पानी जल्द निकल सके.
धेमरा नदी का बढ़ा जलस्तर बना परेशानी
जानकारी के अनुसार तटबंध के पूरब स्थित महिषी, बघवा, राजनपुर, भगदेवा, सरडीहा, गोरदह, काजी, लगजोड़ा सहित सलखुआ तक के क्षेत्रों में सीपेज के पानी के साथ धेमरा नदी का जलस्तर बढ़ने से खेतों और निचले इलाकों में पानी फैल गया है. कई ग्रामीण सड़कों पर भी जलजमाव होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है.
अवैध बारी और जलकुंभी बनी जल निकासी में बाधा
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि जलकर क्षेत्रों में मछुआरों द्वारा अवैध रूप से बारी बांधकर मछली पकड़ने के कारण पानी का प्राकृतिक बहाव बाधित हो रहा है. वहीं स्लुइस गेट के आसपास फैली जलकुंभी भी जल निकासी में बड़ी बाधा बन रही है. इस पर विधायक ने जिला मत्स्य पदाधिकारी को अवैध बारी तत्काल हटाने और अवैध जलकरों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
जलकुंभी हटाने और निगरानी की जिम्मेदारी तय
विधायक ने सलखुआ स्लुइस गेट के आसपास जमा जलकुंभी हटाने की जिम्मेदारी प्रखंड अध्यक्ष अरुण यादव को सौंपी, जबकि इसकी निगरानी के लिए विधायक प्रतिनिधि सर्वेश साह को निर्देशित किया. उन्होंने कहा कि जल निकासी की गति बढ़ाना बेहद जरूरी है, तभी किसानों की फसल को नुकसान से बचाया जा सकेगा.
अधिकारियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान एसडीएम आलोक राय, बीडीओ वीरेंद्र कुमार, सीओ रवि कुमार, आरओ सचिन आनंद, जिला मत्स्य पदाधिकारी जय प्रकाश सिंह, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी विजय कुमार पासवान, कोपरिया डिवीजन के कार्यपालक अभियंता ई. सुमन कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे. जनप्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी किसानों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया.
