बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा राज्य में पहली बार गठित किए गए 'बिहार राज्य सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद' में कोसी दियारा के लाल ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है.
सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड अंतर्गत पूर्वी कोसी तटबंध के भीतर बसे सुदूरवर्ती करहारा गांव निवासी नंदलाल यादव के सुपुत्र रंजीत कुमार को नवगठित 24 सदस्यीय राज्य परिषद में बतौर सदस्य मनोनीत किया गया है. इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की खबर मिलते ही समूचे कोसी और सीमांचल क्षेत्र में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई है.
नियमावली 2026 के तहत अधिसूचना जारी, सर्जिकल टेक्नोलॉजी में मिली जिम्मेदारी
स्वास्थ्य विभाग ने 'बिहार राज्य सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद नियमावली, 2026' के तहत इस परिषद का विधिवत गठन किया है.
विभाग की आधिकारिक अधिसूचना संख्या 4/विविध-06-29/2024, दिनांक 20 सितंबर 2026 के आलोक में रंजीत कुमार का मनोनयन 'ट्रॉमा, बर्न केयर एंड सर्जिकल/एनेस्थीसिया रिलेटेड टेक्नोलॉजी' विशेषज्ञ श्रेणी के अंतर्गत किया गया है. यह परिषद राज्यभर में स्वास्थ्य सेवाओं, तकनीकी मानकों और संबद्ध स्वास्थ्य पेशेवरों के विनियमन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
पटना IGIMS में दे रहे हैं सेवाएं, संघर्षों से तराशा मुकाम
रंजीत कुमार वर्तमान में राजधानी पटना स्थित प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में ऑपरेशन थिएटर (ओटी) टेक्नीशियन के पद पर पूरी निष्ठा के साथ कार्यरत हैं.
वर्षों से जटिल सर्जरी, ट्रॉमा और एनेस्थीसिया तकनीक में उनके व्यावहारिक अनुभव और उत्कृष्ट कार्यकुशलता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें इस राज्यस्तरीय नीति-निर्धारक निकाय में शामिल किया है. उनके सहकर्मियों और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने इस मनोनयन को पूरी तरह योग्यता आधारित और सराहनीय कदम बताया है.
बाढ़ और विस्थापन के दंश को मात देकर पाया गौरव, दियारा में खुशी की लहर
कोसी तटबंध के भीतर स्थित करहारा गांव हर वर्ष भीषण बाढ़ और कटाव की मार झेलता है. ऐसे दुर्गम और बुनियादी सुविधाओं से वंचित इलाके से निकलकर राज्य स्तर की स्वास्थ्य परिषद का सदस्य बनना पूरे अंचल के लिए एक बड़ी मिसाल है.
मनोनयन की जानकारी मिलते ही परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लग गया. स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों का कहना है कि विपरीत परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद रंजीत ने जो मुकाम हासिल किया है, वह दियारा क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ा प्रेरणास्रोत बनेगा.
