सहरसा पुलिस ने 24 घंटे में 38 गिरफ्तार, 14 वारंटी और शराब तस्कर पर कार्रवाई

सहरसा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 38 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है. इस दौरान 86 वारंटों का निष्पादन, शराब तस्करी पर कार्रवाई और यातायात नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना भी वसूला गया.

Saharsa Police Action: सहरसा में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर सहरसा पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है. बीते 24 घंटे में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 38 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. इनमें 24 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि 14 अभियुक्तों को रिकॉल पर मुक्त किया गया.

इसी अभियान के दौरान पुलिस ने 86 वारंटों का निष्पादन, दो इश्तेहार और 14 कुर्की मामलों का निष्पादन किया. शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए 70 लीटर देसी और 20.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी. वाहन जांच के दौरान 9 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. पुलिस ने तीन मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किये.

पुलिस की एक साथ कई मोर्चों पर हुई कार्रवाई से जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान तेज होने के संकेत मिले हैं.

सलखुआ में शराब तस्करी का खुलासा, बाइक भी जब्त

सलखुआ थाना पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, कोपरिया निवासी महेंद्र महतो के पुत्र सुनील कुमार को 20.250 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया.

शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है. पुलिस अब शराब के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.

14 वारंटी अभियुक्तों पर कसा शिकंजा

विशेष अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 14 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया.

सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस ने मधुबन गांव के गोलू यादव के पुत्र राजकिशोर यादव, शेखनाथ यादव के पुत्र अमलेश यादव, पियालाल यादव के पुत्र शेखनाथ यादव और गोलू यादव के पुत्र रोबिन यादव को गिरफ्तार किया.

सोनवर्षाराज थाना पुलिस ने सोहा गांव निवासी उदय सिंह के पुत्र अमन कुमार को पकड़ा.

नवहट्टा थाना पुलिस ने छरहरा गांव निवासी बिशो दास के पुत्र महेंद्र दास, चन्द्रप्रयाग निवासी छेदी चौधरी के पुत्र श्रवण कुमार, येकराही निवासी अब्दुल मसीन के पुत्र मो गजनवी और खोन गांव निवासी स्व. सोहन शर्मा के पुत्र पंकज शर्मा को गिरफ्तार किया.

बिहरा थाना पुलिस ने पूरीख गांव निवासी अगम सादा के पुत्र शिवजी सादा, ओरी यादव के पुत्र चन्द्रकिशोर यादव, सुदीन यादव और महेश्वरी निवासी जवाहर यादव को गिरफ्तार किया.

वहीं, बसनही थाना पुलिस ने अतलखा निवासी विष्णुदेव यादव के पुत्र सोनू यादव को गिरफ्तार किया.

चोरी और दहेज प्रताड़ना के मामलों में भी गिरफ्तारी

बैजनाथपुर थाना पुलिस ने चोरी और दहेज प्रताड़ना के अलग-अलग मामलों में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया.

गिरफ्तार आरोपितों में मुरहरनिया निवासी मिथिलेश कुमार के पुत्र शंकर कुमार और गमहरिया निवासी स्व. शर्मा के पुत्र मिथुन कुमार शामिल हैं.

सदर थाना पुलिस ने भी कुर्की वारंट के एक मामले में कार्रवाई करते हुए नियामत टोला निवासी मो. गफ्फार के पुत्र मो. माजिद को गिरफ्तार किया.

मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो मामले में दो नाबालिग निरुद्ध

पुलिस ने हथियार के साथ फोटो और मुख्यमंत्री के प्रति अपशब्द का इस्तेमाल करते हुए वीडियो वायरल करने के मामले में दो नाबालिगों को भी गुरुवार रात निरुद्ध किया.

पुलिस की प्रारंभिक जांच में वीडियो पुराना पाया गया है. जांच में यह भी सामने आया कि वीडियो नशे की अवस्था में बनाया गया था. पुलिस मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई कर रही है.

इस मामले में पुलिस की जांच का फोकस वीडियो की वास्तविकता, उसे तैयार करने और प्रसारित करने से जुड़े तथ्यों पर है.

सड़क पर भी पुलिस की नजर, 9 हजार रुपये जुर्माना

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गयी.

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 9 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. अभियान के दौरान तीन मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किये गये.

इसके साथ ही पुलिस पदाधिकारियों ने विभिन्न ज्वेलरी प्रतिष्ठानों, बैंक शाखाओं और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया. सुरक्षा मानकों की समीक्षा कर संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.

सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, शिकायतों पर भी पुलिस की नजर

सहरसा पुलिस की कार्रवाई केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रही. पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित "सेवा संवाद-समाधान" कार्यक्रम में आम नागरिकों की शिकायतें सुनी गयीं.

पुलिस अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित और प्रभावी निष्पादन का निर्देश दिया.

इससे पुलिस और आम लोगों के बीच सीधे संवाद को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है.

छात्राओं को साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी

सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में पुलिस दीदी यानी अभया ब्रिगेड के माध्यम से विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में छात्राओं को जागरूक किया गया.

कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी गयी. पुलिस ने छात्राओं को आत्मरक्षा और जागरूकता के प्रति भी प्रेरित किया.

Saharsa Police Action: आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान

सहरसा पुलिस की एक दिन की कार्रवाई में गिरफ्तारी, वारंट निष्पादन, शराब बरामदगी, वाहन जांच, सुरक्षा ऑडिट और जनशिकायतों के निपटारे जैसे कई स्तरों पर काम किया गया है.

पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और समाज में कानून के प्रति विश्वास कायम रखने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Also Read: दिल्ली में निर्मला सीतारमण और एस जयशंकर के साथ सम्राट चौधरी की हाईलेवल मीटिंग, नेपाल डैम से बिहार के फंड तक, जानिए क्या है पूरा एजेंडा

Also Read: ज्योति सिंह ने पवन सिंह के लिए इंस्टा पर लगाई स्टोरी, लिखा- प्रिय पतिदेव, इस बार तुम्हारी कहानी नहीं बनना चाहती


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजन आर्यन सिंह

पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. अब तक लगातार सहरसा से क्राइम और स्वास्थ्य की खबरें संकलित करता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >