सहरसा से प्रतिनिधि की रिपोर्ट:
सहरसा: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 में सोमवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने एक घर में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन का शुभारंभ किया. इस अवसर पर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला.
जिलाधिकारी ने बताया कि पाइपलाइन नेचुरल गैस व्यवस्था से अब लोगों को गैस सिलेंडर बुकिंग, डिलीवरी का इंतजार और गैस खत्म होने की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि पीएनजी 24 घंटे उपलब्ध रहती है और यह एलपीजी सिलेंडर की तुलना में अधिक सुरक्षित है. इसमें मीटर आधारित भुगतान व्यवस्था होगी, जिससे उपभोक्ता जितनी गैस उपयोग करेंगे, उतना ही भुगतान करना होगा.
डीएम ने कहा कि पाइपलाइन गैस के आने से रसोई में सिलेंडर रखने की आवश्यकता भी समाप्त हो जाएगी. उन्होंने इसे शहर को स्मार्ट और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.
उन्होंने जानकारी दी कि फिलहाल आठ वार्डों में पीएनजी कनेक्शन की शुरुआत हो चुकी है और अगले एक महीने के भीतर शेष सभी वार्डों में भी कनेक्शन उपलब्ध करा दिए जाएंगे. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराएं ताकि योजना का लाभ सभी को मिल सके.
डीएम ने कहा कि आज पश्चिम एशिया में ऊर्जा संकट जैसी स्थिति को देखते हुए भविष्य में स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा की ओर बढ़ना आवश्यक है. पीएनजी हायर कैलोरीफिक वैल्यू के कारण अधिक प्रभावी है, जिससे खाना जल्दी पकता है और यह पर्यावरण के लिए भी अनुकूल है, क्योंकि इसमें कार्बन उत्सर्जन नगण्य होता है.
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने शहरवासियों से इस योजना को अपनाने की अपील की और कहा कि एक महीने के भीतर पूरे शहर में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है.
