मेनहा में डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर पांचवें दिन भी धरना जारी, प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप

सहरसा जिले के मेनहा में स्थायी डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर 10 जुलाई से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना पांचवें दिन भी जारी रहा. युवा नेता सरोज यादव के नेतृत्व में हो रहे इस आंदोलन में ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हैं.

Saharsa Degree College Demand: सहरसा जिले के सत्तरकटैया प्रखंड की सत्तर पंचायत स्थित महंथ सरयुग दास प्लस-टू उच्च विद्यालय, मेनहा में स्थायी डिग्री कॉलेज संचालित करने की मांग को लेकर 10 जुलाई से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रहा. धरनार्थियों ने जिला प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जल्द मांग पूरी करने की अपील की.

युवा नेता के नेतृत्व में जारी है आंदोलन

धरना का नेतृत्व विशनपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह युवा नेता सरोज यादव कर रहे हैं. कार्यक्रम की अध्यक्षता बिजलपुर पंचायत के पूर्व मुखिया संजीव कुमार ने की, जबकि संचालन सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. मदन यादव ने किया. बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता धरना में शामिल हुए.

उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे छात्र-छात्राएं

धरना को संबोधित करते हुए सरोज यादव ने कहा कि सत्तरकटैया प्रखंड का पूर्वी क्षेत्र आर्थिक रूप से पिछड़ा है. यहां के अधिकांश छात्र-छात्राएं आर्थिक तंगी और दूरी के कारण स्नातक स्तर की पढ़ाई नहीं कर पाते. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

कॉलेज संचालन के लिए सभी सुविधाएं मौजूद

धरनार्थियों का कहना है कि महंथ सरयुग दास प्लस-टू उच्च विद्यालय, मेनहा में डिग्री कॉलेज संचालन के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है. यहां 14 कमरों वाला तीन मंजिला भवन भी तैयार है. इसके बावजूद जिला प्रशासन इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं कर रहा है.

मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा

Saharsa Degree College Demand: प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से मेनहा में शीघ्र डिग्री कॉलेज की स्थापना करने की मांग की. उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा.धरना में मुखिया प्रतिनिधि संजय साह, सुधांशु यादव, अधिवक्ता अरुण यादव, विष्णुदेव यादव, पप्पू यादव, बिपिन यादव, शत्रुघ्न यादव, पारस दीवाना, मुकेश यादव, रोहित चौधरी, बिरजून यादव, ललन सादा, पूर्व उपमुखिया मो. हारुण, शिवजी यादव, रमन यादव, भूपेंद्र यादव, शिवन ठाकुर, डब्लू कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे.

ALSO READA: बुधवार से शुरू होगा राजकीय डिग्री कॉलेज पतरघट, मुख्यमंत्री करेंगे राज्यस्तरीय शुभारंभ


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. प्रिंट मिडिया में वर्ष 2012 से लगातार कार्यरत हैं. वर्तमान में मैं सहरसा जिले के सत्तरकटैया प्रखंड में समाचार संकलन के कार्य में जुटे हैं.उनकी रूचि शिक्षा एवं समाज सेवा है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >